समूचे उत्तर भारत में कड़ाके की सर्दी


- 10 डिग्री के नीचे पहुंचा तापमान
नई दिल्ली । कश्मीर समेत समूचा उत्तर भारत जबरदस्त सर्दी की चपेट में है। कई शहरों में पारा 10 डिग्री से नीचे है। मौसम विभाग ने बताया कि घाटी के अन्य इलाकों से हिमपात होने की सूचना है। श्रीनगर समेत मैदानी इलाकों में शुक्रवार को ताजा हिमपात के बाद रात शुष्क रही। श्रीनगर में शुक्रवार की रात न्यूनतम तापमान शून्य से 0.4 डिग्री नीचे दर्ज किया गया। जम्मू क्षेत्र में बनिहाल सबसे सर्द स्थान दर्ज किया गया। बनिहाल में डेढ़ सेमी हिमपात दर्ज किया गया और तापमान शून्य से 0.5 डिग्री नीचे दर्ज किया गया। जम्मू शहर में न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो गुरुवार की अपेक्षा 1.4 डिग्री सेल्सियस कम था। पंजाब और हरियाणा के प्रमुख हिस्सों में जबरदस्ती सर्दी का दौर जारी है और पंजाब में बठिंडा सबसे अधिक सर्द रहा, जहां का न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दोनों राज्यों के अमृतसर, लुधियाना, पटियाला, बठिंडा, हिसार, करनाल और सिरसा समेत विभिन्न इलाकों में घना कोहरा छाया रहा। राजस्थान में भी सर्दी का दौर जारी है हालांकि कुछ हिस्सों में रात के न्यूनतम तापमान में मामूली वृद्धि हुई है। मौसम विभाग के अनुसार, गंगानगर में न्यूनतम तापमान 6.1 डिग्री सेल्सियस रहा और वह राज्य में सबसे सर्द स्थान रहा। इसके अलावा अलवर, वनस्थली (टोंक), पिलानी, सीकर और जयपुर में रात का तापमान क्रमश: 8.2, 8.6, 9.4, 10 और 10.1 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं अजमेर, जैसलमेर, जोधपुर और बाड़मेर में न्यूनतम तापमान 11.3, 12.4, 12.8 और 13.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। विभाग का कहना है कि राज्य में सर्दी अभी आने वाले दिनों में भी जारी रहेगी।