प्रदेश के 15 जिलों में शीतलहर की संभावना


राजधानी में सीजन की सबसे सर्द रही बीती रात 
भोपाल । प्रदेश में कंपकंपी पैदा करने वाली ठंडी बयार चलना प्रारंभ हो गई है।आगामी 24 घंटों के दौरान प्रदेश के करीब पंद्रह जिलों में शीतलहर चलने की पूरी संभावना जताई जा रही है। इन जिलों में  नरसिंहपुर, दतिया, धार, भोपाल, ग्वालियर, गुना, इंदौर, खंडवा, खरगोन, राजगढ़, रतलाम, शाजापुर, श्योपुर, उज्जैन और रायसेन जिला शामिल है।  राजधानी सहित प्रदेश में कंपकपाने वाली ठंड का दौर शुरू हो गया है। 
भोपाल में सुबह कोहरा छाया फिर दिनभर सर्द हवा चली। उत्तरी हवा की रफ्तार 10 किमी प्रति घंटा रही। सुबह के समय दृश्यता महज 500 मीटर ही रही। सोमवार को राजधानी का न्यूनतम तापमान 11.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जो सामान्य ही रहा, लेकिन पिछले 24 घंटे में न्यूनतम तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। रविवार की रात सीजन की सबसे सर्द रात रही। वहीं अधिकतम तापमान 19.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 6 डिग्री कम है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले सप्ताह से सर्दी और बढ़ेगी। 18 दिसंबर के बाद फिर से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। यह 21 दिसंबर तक गुजर जाएगा। प्रदेश के 8 जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से कम रिकॉर्ड किया गया है। इसमें दतिया 8.4, धार 8.4, गुना 9.6, रायसेन 9.1, रतलाम 8.8, शाजापुर 8.8, श्योपुर 9.0 व उज्जैन 10 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। बता दें कि रात का पारा जब 10 डिग्री से कम हो जाता है, वहीं तापमान सामान्य से 4.5 से 6.4 डिग्री सेल्सियस कम हो तो उसे कोल्ड डे माना जाता है।
  इधर, नरसिंहपुर में तीव्र शीतल दिन घोषित किया गया। यहां न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से कम है, वहीं दिन का तापमान सामान्य से 6.5 डिग्री सेल्सियस कम रहा। कई जिलों में अधिकतम तापमान भी लगातार कम हो रहा है। इधर, भोपाल संभाग में शीतलहर जैसे हालत बन गए हैं। मौसम वैज्ञानिक एके शुक्ला ने बताया कि प्रदेश में ठंडी हवाएं लगातार आ रही हैं, उत्तर-पूर्वी हवाएं चलने से यह स्थिति बन रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश सभी संभागों के जिलों में हल्के से मध्यम कोहरा छाया रहेगा। मौसम केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार बीते 24 घंटों में मंडला 13.0, सिवनी 8.2, बैतूल 1.6, उमरिया 5.2 और जबलपुर में 3.9 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। न्यूनतम तापमान चंबल व इंदौर संभागों को छोड़कर शेष संभागों के जिलों में काफी गिरा है। शहडोल संभाग के जिलों में तापमान सामान्य से विशेष रूप से अधिक रहा। रीवा, जबलपुर, सागर, होशंगाबाद संभागों के जिले भी सामान्य से अधिक रहे। शेष जिले सामान्य रहे। प्रदेश में सबसे कम तापमान 8.1 डिग्री सेल्सियस दतिया में दर्ज किया गया।वहीं, आगामी 24 घंटे मंे होशंगाबाद, जबलपुर, सागर संभाग के जिलों में व अनूपपुर डिंडोरी, खंडवा, खरगौन, बुरहानपुर जिले में गरज-चमक के साथ हल्की बौछारें पड़ सकती हैं। 
सुदामा नर-वरे/17दिसंबर2019