नागरिकता संशोधन कानून / इंदौर में सीएए के विरोध में चला हस्ताक्षर अभियान, उज्जैन में नारेबाजी, पुलिस अलर्ट


इंदौर. नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के विरोध में शुक्रवार को इंदौर की मस्जिदों में हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। वहीं, उज्जैन में कानून का विरोध कर रहे प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार के विरोध में नारेबाजी की। नीमच और मंदसौर में कानून के विरोध में ज्ञापन सौंपा गया। हालांकि मालवा-निमाड़ में सीएए के विरोध के मध्य शांति कायम है। वहीं विरोध को देखते हुए पुलिस और प्रशासन का अमला हाई अलर्ट पर है।



शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद इंदौर की कई मस्जिदों में नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। मस्जिदों से अपील की गई कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के आंदोलन की तरह सीएए का विरोध पूर्णत: शांतिपूर्ण तरीके से किया जाए। नमाज के बाद लोगों ने कानून के विरोध में हस्ताक्षर किए और अपने-अपने घर लौट गए।


सुन्नी आइम्मा काउंसिल के सचिव मोहम्मद आरिफ बरकाती का कहना है कि वर्तमान में मुल्क के हालात अच्छे नहीं है। इसकी वजह केन्द्र सरकार द्वारा हाल में जारी किया गया कानून है। इस कानून की कोई जरूरत नहीं थी। इस कानून से देश के हालात खराब हुए जिसकी जिम्मेदारी भारत सरकार की है। भारत में लोकतंत्र है अत: सरकार को वह कदम उठाना चाहिए जिसे आवाम पसंद करे। सीएए संविधान के खिलाफ है। हम संविधान में यकीन रखते है, यह विरोध जारी रहेगा लेकिन इसमें कहीं भी शांति भंग नहीं होगी।



केन्द्र सरकार के खिलाफ लगाए नारे
उज्जैन के तोपखाना क्षेत्र में शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद सीएए और एनआरसी के विरोध में इकट्ठा हुए मुस्लिम समाज के लोगों ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई। 



पुलिस को चौकस रहने के निर्देश
नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में देश भर में हो रहे विरोध को देखते हुए इंदौर में भी पुलिस प्रशासन हाई अलर्ट पर है। आला अफसरों के साफ निर्देश है कि किसी भी हालत में शांति व्यवस्था बिगड़ना नहीं चाहिए। इंदौर के सभी थानों को सतर्क रहने के लिए कहा गया है। इसके साथ ही रिजर्व बल को भी तैयार रहने के लिए कहा गया है। सभी एसडीएम अपने-अपने क्षेत्रों में नजर रखे हुए है। शुक्रवार को कुछ क्षेत्रों में पुलिस ने मार्च भी निकाला। कनाड़िया पुलिस ने मानवता नगर, कनाड़िया रोड, डायमंड कॉलोनी, आलोक नगर, बेगमखेड़ी, खत्रीखेड़ी और साहूखेड़ी में मार्च निकाला।



सोशल मीडिया पर नजर
सीएए को लेकर कोई अफवाह नहीं फैले इसके लिए पुलिस द्वारा सोशल मीडिया पर नजर रखी जा रही है। पुलिस की सायबर टीम इंटरनेट पेट्रोलिंग कर रही है। पुलिस ने अपील की है कि किसी भी प्रकार का आपत्तिजनक या शांति व्यवस्था को भंग करने वाला मैसेज नहीं चलाए। भड़काऊ मैसेज की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम के साथ ही 7049124445 और 7049104444 पर दी जा सकती है।