नागरिकता कानून का विरोध / लखनऊ में हिंसा भड़की: उपद्रवी गलियों से निकलकर पथराव कर रहे, पुलिस चौकी भी फूंकी; शहर के सभी 22 मेट्रो स्टेशन बंद


लखनऊ.  उत्तर प्रदेश के सभी जिलों में धारा-144 लागू होने के बावजूद नागरिकता कानून के विरोध में गुरुवार को कई जिलों में प्रदर्शन हिंसक हो उठा। लखनऊ में उपद्रवियों ने मदेयगंज और सतखंडा चौकी में आगजनी कर दी। प्रदर्शनकारियों ने यहां गाड़ियां फूंक दीं। परिवर्तन चौक के पास एक बस में भी आग लगा दी। संभल जिले में प्रदर्शनकारियों ने रोडवेज की बस जला दी और वाहनों पर पथराव किया। लखनऊ और संभल में पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागे और लाठीचार्ज करके उपद्रवियों को खदेड़ा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ और संभल में हुई हिंसा की गृह विभाग से जानकारी ली। उन्होंने आपातकालीन बैठक बुलाई है।


नागरिकता कानून के विरोध में समाजवादी पार्टी और कई अन्य संगठनों ने प्रदर्शन किया। पूरे प्रदेश में धारा-144 लागू की गई है। संवेदनशील इलाकों में आरएएफ, पीएसी, क्विक रिस्पांस टीम तैनात की गई।


लखनऊ: उपद्रवियों ने छतोें से पत्थरबाजी की, गोली भी चलाई



  • लखनऊ में मदेयगंज, खदरा और ठाकुरगंज में हिंसक प्रदर्शन हुआ। खदरा में उपद्रवियों ने छतों से पुलिस पर पथराव किया। मदेयगंज में भीड़ की ओर से भी फायरिंग हुई। पुलिस ने जवाब में हवाई फायरिंग की और आंसू गैस के गोले दागे।

  • भीड़ ने गलियों से निकलकर बार-बार पथराव किया। मदेयगंज पुलिस चौकी के बाहर खड़ी तीन बाइकों को भी उपद्रवियों ने फूंक दिया। प्रदर्शनकारी हजरतगंज की ओर भी बढ़े। परिवर्तन चौक पर बस फूंकी गई और कई गाड़ियों में तोड़फोड़ की गई। 

  • पथराव में आईजी रेंज के पीआरओ अंकित त्रिपाठी, सीओ हजरतगंज अभय मिश्रा समेत कई पुलिस अधिकारी घायल हुए। हालात का जायजा लेने के लिए डीजीपी ओपी सिंह ने कहा कि पुलिस से कोई गलती नहीं हुई है। अब तक 50 उपद्रवी गिरफ्तार हुए हैं। डीएम अभिषेक प्रकाश ने कहा- आरएएफ तैनात की गई है। माहौल शांत है। स्थिति काबू में है। 

  • लखनऊ मेट्रो रेल कारपोरेशन ने प्रदर्शन को देखते सभी 22 मेट्रो स्टेशन बंद कर दिए गए हैं। स्टेशनों व अमौसी एयरपोर्ट पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

  • लखनऊ के परिवर्तन चौक पर नागरिकता कानून के विरोध में कांग्रेस, वामपंथी दलों के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो झड़प भी हुई। पुलिस ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू समेत कई कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया है। 


संभल: प्रदर्शनकारियों-पुलिस में झड़प, आगजनी हुई



  • सदर इलाके में उपद्रवियों ने रोडवेज बस में आग लगा दी। पुलिस और प्रशासन की 10 से ज्यादा गाड़ियों में तोड़फोड़ की।

  • पुलिस ने लाठीचार्ज कर उपद्रवियों को खदेड़ा। आंसू गैस के गोले दागे हैं। हालात तनावपूर्ण हैं। भीड़ ने मीडियाकर्मियों को भी निशाना बनाया। इसमें कई लोग घायल हुए।


मेरठ: आपत्तिजनक पर्चे बांटने में 3 गिरफ्तार 



  • डीजीपी ओपी सिंह ने बताया कि मेरठ में आपत्तिजनक पर्चे बांटने वाले 3 लोगों को गिरफ्तार किया गया। वहीं, प्रदेशभर में गुरुवार रात तक हिंसक प्रदर्शन के मामलों में 62 लोगों को गिरफ्तार किया। प्रदेश में 3000 लोगों को शांतिभंग में पाबंद किया गया। 

  • डीजीपी ने लोगों से अपील की कि कोई भी व्यक्ति किसी भी प्रदर्शन में हिस्सा न लें। अभिभावकों से बच्चों की काउंसलिंग करने की अपील की।