मोदी सरकार के ताबूत की आखिरी कील साबित होगी कांग्रेस पार्टी की महारैली: हरिकेश त्रिपाठी


कहा-दिल्ली में १४ दिसम्बर को कांग्रेस पार्टी की महारैली में शामिल होंगे सिंगरौली से पाँच हजार कार्यकर्ता
कालचिंतन, कार्यालय
बैढ़न(सिंगरौली)।  प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की जन विरोधी नीतियां देश के लिए आत्माघाती साबित हो रही है। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के नेतृत्व में 14 दिसम्बर को दिल्ली के रामलीला मैदान में भाजपा व केन्द्र सरकार के खिलाफ भारत बचाओ महारैली आयोजित की गई है।जिसमें सिंगरौली क्षेत्र से बड़ी संख्या में लगभग पांच हजार कार्यकर्ता शामिल होंगे।  वाहन आदि की व्यवस्था की जा रही है। उक्त बातें माजन मोड स्थित सर्किट हाउस में कांग्रेस पार्टी द्वारा आयोजित एक पत्रकार वार्ता में एआईसीसी से नियुक्त सीधी सिगरौली संसदीय क्षेत्र के प्रभारी हरिकेश त्रिपाठी ने कहीं। 
पत्रकारों से मुखातिब श्री त्रिपाठी ने कहा कि केंद्र सरकार की गलत नीतियों से आज मध्यवर्गीय व्यापारियों को जीना दूभर हो गया। इस समय देश आर्थिक दृष्टि से जूझ रहा है फिर भी लोगों को विकास के नाम पर सफेद झूठ बोलकर गुमराह किया जा रहा है। श्री त्रिपाठी ने आगे कहा कि केन्द्र की मोदी सरकार हर मोर्चे पर अब तक विफल साबित हो रही है। बेरोजगारी, महंगाई, भ्रष्टाचार चरम पर है इसके बावजूद भी सरकार की कानों पर जूं तक नहीं रेंग रही है। देश में महिला अपराधों में बेतहाशा वृद्धि हुयी है, किसान आत्महत्या करने को मजबूर है। मध्य प्रदेश में बाढ़ आपदा के कारण हजारो हेक्टेयर फसल बर्बाद हो गयी है इसके बावजूद भी केन्द्र द्वारा मध्य प्रदेश सरकार को मदद नहीं दी जा रही है। दिल्ली में कांग्रेस द्वारा आयोजित महारैली में शामिल होने के लिए प्रत्येक पदाधिकारी को जिम्मेदारी दी गयी है कि कम से कम बीस लोगों को लेकर महारैली में शामिल हों। १४ दिसम्बर को केन्द्र के खिलाफ आयोजित रैली ऐतिहासिक होगी। 
वार्ता में उपस्थित संभाग प्रभारी अरविन्द सिंह चन्देल ने पत्रकारों को सम्बोधित करते हुये कहा कि भाजपा की केन्द्र सरकर में किसान, युवा परेशान है। सरकार की गलत आर्थिक नीतियों के कारण देश गर्त में जा रहा है जिसे देखते हुये कांग्रेस पार्टी ने १४ दिसम्बर को केन्द्र के खिलाफ दिल्ली में महारैली करने का निर्णय लिया है। श्री सिंह ने बताया कि उन्हें रीवा संभाग की जिम्मेदारी दी गयी है। महारैली में शामिल होने के लिए ट्रेनों में रिजर्वेशन किये जा रहे हैं, वाहन आदि की भी व्यवस्था की जा रही है। रीवा संभाग से लगभग २५ हजार लोगों के शामिल होने का अनुमान है। इस संंबंध में जिले भर में ४ बैठके हुयी हैं। 
वार्ता को सम्बोधित करते हुये कार्यवाहक जिलाध्यक्ष राम अशोक शर्मा ने कहा कि आज देश विषम दौर से गुजर रहा है। प्रदेश की आपदा के लिए केन्द्र पैसे नहीं दे रहा है। देश का शासन नाजिरशाही से कम नहीं है। केंद्र की भाजपा सरकार की आमजन विरोधी नीतियों के खिलाफ 14 दिसंबर को दिल्ली में होने वाली कांग्रेस पार्टी की विशाल रैली में शहर से हजारों की संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता व पदाधिकारी जाएंगे। पत्रकार वार्ता में सीधी सिंगरौली संसदीय क्षेत्र के प्रभारी हरिकेश त्रिपाठी, संभाग प्रभारी अरविन्द्र सिंह चन्देल, प्रदेश सचिव अमित द्विवेदी, कार्यवाहक जिलाध्यक्ष राम अशोक शर्मा, राम शिरोमणि शाहवाल, राम निवास तिवारी, प्रवीण सिंह चन्देल, देवेन्द्र सिंह मुन्नु, मुनखु श्रीवास्तव, अनिल सिंह, अरूण सिंह सहित तमाम कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारी मौजूद रहे।