मप्र में शीतलहर से दो व्यक्तियों की मौत; लगातार तीसरे दिन शीतलहर और कड़ाके की ठंड से ठिठुरा प्रदेश


भोपाल. भोपाल समेत प्रदेश के ज्यादातर जिलों में लगातार तीसरे दिन कई शहर और जिले शीतलहर और तीव्र शीतलहर के साथ कड़ाके की ठंड की चपेट में रहे। भीषण ठंड की वजह से शिवपुरी और हरदा में एक-एक व्यक्ति की मौत हो गई है।  राज्य में ग्वालियर एवं दतिया में रात का तापमान सबसे कम 2.2 डिग्री रिकार्ड किया गया।


राजधानी भोपाल भी ठंड से कांप रही है। यहां कल की तुलना में न्यूनतम पारा हालांकि एक डिग्री बढ़ कर सोमवार को 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है। यह सामान्य से 4 डिग्री कम है। यहां भी सर्द हवाएं चल रही है। अगले 24 घंटों के दौरान भी सागर, रीवा, शहडोल, जबलपुर, ग्वालियर और चंबल संभागों के जिलों में शीतलहर चलने और कहीं-कहीं शीतल दिन (कोल्ड डे) रहने की संभावना है।
 


कोहरे में ढंके भिंड-मुरैना 


ग्वालियर-चंबल संभाग के भिंड और मुरैना शहर कोहरे से ढंके हुए हैं और यहां भी 'सीवियर कोल्ड वेव' चल रही है। प्रदेश में कहीं-कहीं सोमवार को 'कोल्ड डे' भी रहा। भिंड में जिला प्रशासन ने 4 जनवरी तक स्कूलों में अवकाश घोषित किया है। वहीं जिला कलेक्टर स्वरोचिश सोमवंशी ने जिले के सभी शासकीय-अशासकीय स्कूलों की कक्षा एक से 12 वीं तक के बच्चों की 30 और 31 दिसंबर को अवकाश घोषित कर दिया है।
 


प्रदेश के जिले और शहरों का न्यूनतम तापमान
मौसम वैज्ञानिक पीके साहा ने बताया कि प्रदेश के 32 जिलों में न्यूनतम तापमान आज दस डिग्री से नीचे रहा है। इनमें उमरिया में 2.4 डिग्री, गुना में 3, सीधी में 3, श्योपुर में 3.4, रायसेन 3.5, पंचमढी , खजुराहो एवं टीकमगढ़ में 3.8, बैतूल 4, सागर 4.6, रतलाम 5, रीवा 5, मलाजखंड 5, छिंदवाडा 5.8, सिवनी 6, जबलपुर एवं धार 6.2, राजगढ 6.3,शाजापुर 7.3, नरसिंहपुर 7.7, उज्जैन 8.2 तथा होशंगाबाद 9 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज हुआ है। 


मुरैना में कोहरे और भीषण ठंड से लोग परेशान
मुरैना जिला कड़ाके की ठंड की चपेट में हैं, जिसके चलते यहां का आम जनजीवन प्रभावित हुआ है। शहर का आज न्यूनतम तापमान 03 डिग्री और अधिकतम 14 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे आम जनमानस कड़ाके की चपेट में हैं। पिछले तीन दिनों से छाये घने कोहरे के कारण आगरा-मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात बुरी तरह से प्रभावित हुआ है। अन्य वर्षो की तुलना में इस वर्ष दिसबंर के अंतिम सप्ताह में सर्दी ने अपना रौद्र रूप दिखाया है, जबकि पिछले वर्ष इतनी सर्दी जनवरी में पड़ी थी।


ग्वालियर में पारा 2.2 डिग्री पर पहुंचा
ग्वालियर में लगातार गिरते पारा के चलते यहां सर्दी का सितम जारी है। ठंड के चलते आम जनजीवन प्रभावित हुआ है। यहां रात का पारा 2.2 डिग्री पर पहुंच गया है। यहां रविवार को 4.4 डिग्री सेल्सियस रात का तापमान दर्ज किया गया था। कड़ाके की ठंड के चलते आम जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। लोग ठंड से बचने अलाव का सहारा ले रहे हैं। इसके साथ ही यातायात व्यवस्था पर भी ठंड का कोहरे का असर पड़ा है, जिसके चलते वाहनों की गति धीमी हो गयी है। सुबह कोहरे और कपकंपाती ठंड के चलते लोग देर से अपने अपने घरों से निकलते हैं। 


शिवपुरी में ठंड से एक व्यक्ति की मौत
शिवपुरी जिले के दिनारा थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति की ठंड से मौत होने का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, रविवार रात सिकंदरा बैरियर के समीप एक अज्ञात व्यक्ति का अकड़ा हुआ शव बरामद किया गया है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी मौत ठंड से हुई है। फिलहाल मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। उसकी उम्र 55 वर्ष के आसपास की है। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है।


उमरिया में ठंड और कोहरे से जनजीवन अस्त व्यस्त
उमरिया में सोमवार को सुबह कड़ाके की ठंड और शीतलहर चलने के साथ की भारी कोहरा रहा जिसके चलते जनजीवन प्रभावित हुआ। स्थानीय मौसम विभाग के प्रभारी रजनीश यादव ने बताया कि ठंड के कारण यहां का न्यूनतम तापमान 2.3 डिग्री पर पहुंच गया है और एक दो दिन ऐसे ही कडा़के की ठंड पड़ने का अनुमान है। हालांकि रविवार की तुलना में न्यूनतम तापमान में इजाफा हुआ है लेकिन कड़ाके की ठंड के कारण लोग अलाव जलाकर आग सेंकते दिखाई पड़े।