महाराष्ट्र / किसानों का 2 लाख रुपए तक का कर्ज माफ होगा, अगले साल मार्च से इसकी प्रक्रिया शुरू करेंगे: मुख्यमंत्री ठाकरे


नागपुर. महाराष्ट्र में किसानों का 2 लाख रुपए तक का कर्ज माफ होगा। मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने शनिवार को विधानसभा में इसका ऐलान किया। उद्धव के मुख्यमंत्री बनने के बाद किसानों के हित में सरकार का यह सबसे बड़ा फैसला है। इस साल मानसून जाते-जाते किसानों को बड़ा नुकसान हुआ था। भारी बारिश के कारण 94 लाख 53 हजार हेक्टेयर में खड़ी फसल बर्बाद हो गई थी। सोयाबीन और कपास की फसल को सबसे अधिक नुकसान हुआ। पिछली सरकार ने कुछ कर्ज चुकाने की शर्त पर प्रति किसान डेढ़ लाख रुपए तक का कर्ज माफ किया था।


मुख्यमंत्री ठाकरे ने विधानसभा में कहा नियम के हिसाब से 30 सितंबर 2019 तक के कर्ज माफ होंगे। कर्ज माफी की प्रक्रिया मार्च 2020 से शुरू होगी। कांग्रेस नेता पृथ्वीराज चव्हाण ने सदन के बाहर बताया कि 25 हजार रुपए प्रति हेक्टेयर के हिसाब से कर्ज माफी करने का फैसला हुआ है। इस हिसाब से अधिकतम 8 हेक्टेयर तक 2 लाख की कर्जमाफी की जाएगी।


भाजपा ने पूर्ण कर्ज माफी की मांग पर वॉकआउट किया


मंत्री जयंत पाटिल ने कहा कि महाराष्ट्र विकास अघाड़ी सरकार ने कर्जमाफी के लिए योजना को 'महात्मा ज्योति राव फुले किसान कर्ज मुक्ति' नाम दिया है। कर्ज माफी का फैसला कर किसानों को दिया वादा पूरा किया। मुख्यमंत्री की उद्धव के बाद विपक्ष ने पूर्ण कर्ज माफी की मांग करते हुए वॉकआउट किया। भाजपा विधायकों ने विधानसभा के बाहर नारेबाजी की।