झारखंड नतीजे / जामताड़ा से कांग्रेस प्रत्याशी 16474 वोट से आगे, यहां योगी ने कहा था- कोई इरफान जीतेगा तो मंदिर नहीं बनाएगा


रांची/जामताड़ा. झारखंड विधानसभा चुनाव के प्रचार के दौरान जामताड़ा में योगी आदित्यनाथ ने चुनावी सभा के दौरान कहा था कि कोई इरफान अंसारी जीतेगा तो मंदिर तो नहीं बनाएगा न। इस सीट पर कांग्रेस के प्रत्याशी इरफान अंसारी भाजपा प्रत्याशी वीरेंद्र मंडल से 14594 वोट से आगे चल रहे हैं। कांग्रेस प्रत्याशी को 38897 जबकि भाजपा प्रत्याशी को 22423 वोट मिले हैं।


क्या कहा था योगी आदित्यनाथ ने
योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि अगर चुनाव में कोई इरफान अंसारी जीतेगा तो वो मंदिर तो नहीं बनाएगा न। उसके लिए तो कोई वीरेंद्र मंडल तो चाहिए न जो एक-एक शिला लेकर आपलोगों को लेकर अयोध्या पहुंच सके, जो भव्य राम मंदिर के निर्माण के लिए एक-एक शिला रखवाने में योगदान दे सके। योगी आदित्यनाथ झारखंड चुनाव के पांचवें चरण के लिए सोमवार को जामताड़ा में चुनाव प्रचार करने पहुंचे थे।


जामताड़ा में हुआ था 74.77 % मतदान पांचवें और अंतिम चरण में जामताड़ा विधानसभा सीट पर 74.77 प्रतिशत मतदान हुआ था। जामताड़ा सीट पर 2014 में कांग्रेस के इरफान अंसारी विधायक बने थे। इरफान ने अपने प्रतिद्वंद्वी भाजपा के बीरेन्द्र मंडल को 9,137 के अंतर से हराया था। 2014 में यहां पर 78.63 फीसदी मतदान हुआ था।


दुमका लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र में आने वाले इस विधानसभा क्षेत्र में पहली बार 2005 में चुनाव कराए गए थे। तब यहां से भाजपा के बिष्‍णु प्रसाद भैया ने कांग्रेस के इरफान अंसारी को हराया और विधायक बने। 2009 के चुनाव में बिष्‍णु प्रसाद दोबारा विधायक चुने गए। 2009 में ही हुए उपचुनाव में झामुमो ने भाजपा के हाथ से यह सीट छीन ली और यहां से दिग्‍गज नेता शिबू सोरेन विधायक चुने गए। 2014 के चुनाव में कांग्रेस के इरफान अंसारी को जनता ने जिताकर विधायक बनाया।