झारखंड चुनाव / चौथा चरण: 15 सीटों पर मतदान खत्म, शाम 5 बजे तक 62.46% वोटिंग; खाट और गोद में बैठकर वोट डालने पहुंचे बुजुर्ग


रांची. झारखंड विधानसभा चुनाव के चाैथे चरण की 15 सीटाें पर सोमवार को मतदान हुआ। इनमें 10 सीटों पर शाम 5 बजे तक जबकि 5 सीटों पर दोपहर 3 बजे मतदान हुआ। शाम 5 बजे तक कुल 62.46% मतदान हुआ। नक्सलियों की धमकी के बाद भी मतदाताओं में उत्साह दिखा। धनबाद विधानसभा के 7 बूथ पर मोमबत्ती के प्रकाश में मतदान करवाना पड़ा। 2014 विधानसभा चुनाव में इन 15 सीटों पर 64.63% मतदान हुआ था।


झारखंड की 5 विधानसभा सीटों पर दोपहर 3 बजे मतदान समाप्त हो गया था। इनमें बगोदर (63%), जमुआ (56%), गिरिडीह (60%), डुमरी (61%) और टुंडी (63%) का नाम शामिल है। दोपहर 1 बजे तक सबसे ज्यादा 54.53% मतदान चंदनकियारी विधानसभा में हुआ। वहीं, सबसे कम 32.35% मतदान बोकारो में हुआ। जमुआ के देवरी स्थित हरला पंचायत में ग्रामीणों ने सड़क, वृद्धा पेंशन की मांग को लेकर मतदान का बहिष्कार किया। वहां मतदाताओं की संख्या 1696 है।


221 उम्मीदवार चुनाव मैदान में


इस चरण में दो मंत्री अमर कुमार बाउरी और राज पलिवार समेत 221 उम्मीदवार चुनाव में भाग्य आजमा रहे हैं। 15 में से 10 सीट मधुपुर, देवघर, गांडेय, बोकारो, चंदनक्यारी, सिंदरी, निरसा, धनबाद, झरिया और बाघमारा पर शाम 5 बजे तक मतदान हुआ। 


पहले तीन चरणों में वोटिंग


चुनाव के पहले चरण की 13 सीटों पर 64.44% मतदान हुआ, जो 2014 विधानसभा चुनाव के मुकाबले 1% ज्यादा है। दूसरे चरण में 20 सीटों पर 64.84% मतदान हुआ था। 2014 के चुनाव में इन सीटों पर 68.01% वोटिंग हुई थी। तीसरे चरण की 17 सीटों पर 62.35 % वोटिंग हुई, जो 2014 विधानसभा चुनाव के मुकाबले 1.67% कम है। चाैथे चरण में 2014 चुनाव में इन 15 सीटों पर 64.63% वोटिंग हुई थी। 

 

9 सीटों पर सीधा मुकाबला
बोकारो: बिरंची नारायण (भाजपा), श्वेता सिंह (कांग्रेस)
झरिया: रागिनी सिंह (भाजपा), पूर्णिमा नीरज सिंह (कांग्रेस)
बाघमारा: ढुल्लू महतो (भाजपा), जलेश्वर महतो (कांग्रेस)
डुमरी: जगरनाथ महतो (झामुमो), प्रदीप कुमार साहू (भाजपा)
गांडेय: जयप्रकाश वर्मा (भाजपा), सरफराज अहमद (झामुमो)
धनबाद: राज सिन्हा (भाजपा), मन्नान मल्लिक (कांग्रेस)
गिरिडीह: निर्भय कुमार शाहाबादी (भाजपा), सुदीव्य कुमार (झामुमो)
देवघर: नारायण दास (भाजपा), सुरेश पासवान (राजद)
जमुआ: केदार हाजरा (भाजपा), मंजू देवी (कांग्रेस)

4 सीटों पर त्रिकोणीय संघर्ष
चंदनकियारी: अमर कुमार बाउरी (भाजपा), उमाकांत रजक (आजसू), विजय कुमार रजवार (झामुमो)
मधुपुर: राज पलिवार (भाजपा), हाजी हुसैन अंसारी (झामुमो), गंगा नारायण सिंह (आजसू)
निरसा: अरुप चटर्जी (मासस), अपर्णा सेनगुप्ता (भाजपा), अशोक कुमार मंडल (झामुमो)
सिंदरी: इंद्रजीत महतो (भाजपा), फूलचंद मंडल (झामुमो), आनंद महतो (मासस)

2 सीट पर चतुष्कोणीय मुकाबला
टुंडी: राजकिशोर महतो (आजसू), मथुरा प्रसाद महतो (झामुमो), विक्रम पांडेय (भाजपा), डॉ सबा अहमद (झाविमो)
बगोदर: नागेंद्र महतो (भाजपा), बासुदेव प्र. वर्मा (कांग्रेस), विनोद कुमार सिंह (भाकपा माले) अनूप कुमार पांडेय (आजसू)