अवैध शराब की तस्करी में लिप्त एक गिरफ्तार, मौके से 63 लीटर अवैध शराब जप्त, धारदार हथियार के साथ भी एक पकड़ाया


मोरवा,सिंगरौली। क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने में जुटी मोरवा पुलिस ने बीती रात अवैध शराब की तस्करी में लिप्त एक तस्कर को रंगे हाथों पकड़ा है। पुलिस ने उसके पास से भारी मात्रा में अवैध शराब जप्त की है। बताया जाता है की यह शराब ओबी कंपनी के लेबर कॉलोनी में सप्लाई की जानी थी, वहीं शनिवार सुबह भी पुलिस ने धारदार हथियार के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के कस्बा भ्रमण के दौरान सहायक उपनिरीक्षक साहब लाल सिंह को अवैध शराब की तस्करी की सूचना मिली। जिसकी जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई। तत्पश्चात पुलिस अधीक्षक अभिजीत रंजन के निर्देशन पर मोरवा निरीक्षक नागेंद्र प्रताप सिंह ने टीम गठित कर सूचना की तस्दीक हेतु पुलिस बल भेजा। जहां आरकेटीसी कंपनी कैंप के पास से तस्कर रामकुमार साहू पिता स्वर्गीय रामप्यारे साहू उम्र 43 वर्ष निवासी मढौली वार्ड क्रमांक 10 को पुलिस ने हिरासत में लेकर उसके पास से 7 पेटी अवैध शराब जप्त की। आरोपी के पास मिली 7 पेटिओ में कुल 63 लीटर देसी प्लेन मदिरा थीं, जिसकी कुल कीमत करीब 21000 रुपये बताई जा रही है। आरोपी रामकुमार साहू पर पुलिस ने 34(2) आबकारी एक्ट के तहत कार्यवाही की है। वहीं शनिवार सुबह लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने एलआईजी कॉलोनी के समीप से अशोक जायसवाल पिता राम नाथ जायसवाल उम्र 27 वर्ष निवासी वार्ड क्रमांक 9 मढौली को धारदार हथियार बका के साथ गिरफ्तार किया है। सूत्रों के अनुसार अशोक जायसवाल बका के दम पर राहगीरों के बीच दहशत का माहौल बना रहा था। पुलिस ने आरोपी पर 25 (बी) आर्म्स एक्ट के तहत कार्यवाही की है।