राहुल ने कहा- केंद्र सरकार 10-15 उद्योगपतियों की, यही लोग पीएम को टीवी पर दिखाने के लिए पैसे देते हैं


रांची. कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सोमवार को हजारीबाग के बड़कागांव में चुनावी रैली की। राहुल ने कहा कि केंद्र में 10-15 उद्योगपतियों की सरकार है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अडाणी-अंबानी से गले मिलते हैं। कांग्रेस नेता ने सवाल किया- क्या आपने कभी प्रधानमंत्री को किसी किसान से गले मिलते देखा है? राहुल ने तंज किया, "प्रधानमंत्री का चेहरा टीवी पर दिखता है। यह फ्री में नहीं होता। इसके लिए बड़े-बड़े उद्योगपति पैसे देते हैं।"झारखंड में तीसरे चरण के तहत 12 दिसंबर को 17 विधानसभा सीटों पर वोटिंग होगी। नतीजों का ऐलान 23 दिसंबर को किया जाएगा।


झारखंड के सीएम से भ्रष्ट आदमी पूरे हिंदुस्तान में नहीं
राहुल ने कहा- दिल्ली में मोदी सरकार है। जहां भी चुनाव होता है, मोदी वहां भाषण देकर चले जाते हैं। झारखंड में किसानों की रक्षा की बात कहकर गए। जमीन छीनकर लोगों को गोली मारी गई, उनकी हत्या की गई.. क्या इसी को प्रधानमंत्री रक्षा कहते हैं? मोदी कहते हैं कि वे भ्रष्टाचार के खिलाफ हैं। झारखंड के सीएम भाजपा के रघुवर दास से भ्रष्ट कोई आदमी पूरे हिंदुस्तान में नहीं है। जिन राज्यों में कांग्रेस की सरकार है, वहां हमने कर्ज माफ किया। छत्तीसगढ़ में किसानों की जमीन की हिफाजत के लिए जमीन अधिग्रहण बिल लाए थे। मोदीजी ने यह बिल रद्द कर दिया। छत्तीसगढ़ में धान की एमएसपी 2500 रु. है, झारखंड में 1300 रु.। 


कांग्रेस जमीन अधिग्रहण बिल लागू करेगी
राहुल ने वादा किया, "कांग्रेस झारखंड में छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और राजस्थान की तरह जमीन अधिग्रहण बिल लागू करेगी। पंचायत से पूछे बिना आपकी जमीन नहीं छीनी जाएगी। जो आप पर गोलियां चलाते हैं, उन पर कार्रवाई करेंगे। छत्तीसगढ़ की तरह आपको 27% आरक्षण दिया जाएगा।"


भाजपा ने देश में नफरत का माहौल बना दिया है
उन्होंने कहा कि मोदी ने 2 करोड़ युवाओं को रोजगार देने का वादा किया था। क्या आपको रोजगार मिला? मेक इन इंडिया हो गया। फैक्ट्रियां बंद हो रही हैं। बेरोजगार युवा एक प्रदेश से दूसरे प्रदेश जा रहे हैं। भाजपा के लोग जहां जाते हैं, वहां लोगों को डराते हैं। देश में नफरत का माहौल बना दिया है। ऐसे देश नहीं चल सकता। जितनी नफरत होगी, उतनी ज्यादा बेरोजगारी फैलेगी। कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव में न्याय योजना का ऐलान किया था। गरीब को पैसा देने की योजना थी, पर हम चुनाव नहीं जीते और योजना नहीं ला पाए। हम झूठ नहीं बोलते। कांग्रेस जो भी सरकारी वैकेंसी होगी, उसे भरेगी।


दुष्कर्म करने वाले विधायक पर मोदी ने एक शब्द नहीं कहा
राहुल ने कहा, "आज पूरी दुनिया भारत की ओर देखती है, तो कहती है कि यह रेप कैपिटल बन गया है। उत्तर प्रदेश में मोदीजी का एक विधायक है। उसने एक महिला का बलात्कार किया, लेकिन प्रधानमंत्री ने एक शब्द नहीं कहा। विधायक ने पीड़ित लड़की का एक्सीडेंट करा दिया, लेकिन मोदी नहीं बोले। हालात यह है कि महिलाएं जब भी बाहर निकलती हैं, उनके मन में डर बना रहता है।'
 


तीसरे चरण में इन 17 सीटों पर मतदान
झारखंड विधानसभा चुनाव के तहत तीसरे चरण में कोडरमा, बरकट्ठा, बरही, मांडू, हजारीबाग, सिमरिया, बड़कागांव, रामगढ़, धनवार, गोमिया, बेरमो, ईचागढ़, सिल्ली, खिजरी, रांची, हटिया और कांके विधानसभा सीट पर वोटिंग होगी।