कांग्रेस ने लूटा, मोदी ने किया विकास: स्मृति ईरानी


धनवाद । केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि उसने अपने शासन के दौरान देश को लूटा और कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कई विकास कार्य किए हैं। ईरानी ने यहां एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा देश के गरीबों की सेवा करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराती है। केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री ने कहा ‎कि नरेंद्र मोदी का जन्म एक गरीब परिवार में हुआ था। लेकिन आप सबके आशीर्वाद से प्रधान सेवक बने और उन्होंने कई विकास कार्य किए। उन्होंने नाम लिए बिना कहा कि बड़े नेता चुनावों के दौरान फोटो खिंचाने के लिए गरीबों के घर जाते हैं लेकिन मोदी को पता था कि महिलाएं रसोईघर में किस तरह से धुएं से परेशान होती हैं। वे एक एलपीजी कनेक्शन का खर्च वहन नहीं कर सकतीं। मोदी ने उज्ज्वला योजना शुरू की और अब गरीब परिवारों को मुफ्त एलपीजी कनेक्शन मिल रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस केवल देश को लूटने में लिप्त रही।